गत दिनों जमीनी विवाद को लेकर रिश्ते में चाचा को लाठियों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने वाले दो भतीजों को जनेह पुलिस ने यूपी के इलाहाबाद जिले के गौहनिया में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलकरण यादव व उदयराज यादव के रूप में की गई है। जनेह थाने के एएसआई सुनील पाण्डेय ने बताया कि गत दिवस मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी शंकरगढ़ से इलाहाबाद जा रहे हैं। जहां से उन्हें मुम्बई जाना है।
पुलिस द्वारा आखिरकार शंकरगढ़ से 30 किलोमीटर दूर गौहनिया में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों सगे भाईयों को त्योंथर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह था मामला
बता दें कि आरोपी भतीजे बलकरण यादव व रिश्ते में चाचा सुखलाल यादव के बीच लम्बे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। जिसे लेकर कई बार रिश्तेदार व क्षेत्र के नामचीन लोगों ने पंचायत कर सुलह कराने की भी कोशिश की थी। लेकिन क्षेत्रीय पंचायत के निर्णय को तत्कालिक मानने के बाद भी सुखलाल न्यायालय की शरण में चला जाता था। लगातार पेशी व कोर्ट के चक्कर लगाने के कारण बलकरण यादव व उसका पूरा परिवार परेशान रहता था। घटना दिनांक को सुखलाल पुनः जमीनी विवाद की पेशी करने त्योंथर गया हुआ था। लौटते समय घात लगाकर बैठे बलकरण यादव सहित अन्य ने उस पर हमला कर दिया। हमले में सुखलाल यादव की मौत हो गई थी।
हत्या के बाद क्षेत्र में थी दहशत
बलकरण यादव व उसके परिवार के लोगों द्वारा सगे चाचा सुखलाल यादव पर किए गए हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित था। कारण यह था कि मरते समय बलकरण यादव ने अपने चाचा को बार-बार चीख-चीखकर कह रहा था कि तुम बहुत बड़े मुकदमेबाज हो आज तुम्हारा फैसला अन्य कोर्ट के अलावा बांस कोर्ट से ही कर देते हैं। जिसके बाद लाठियों से पीट-पीटकर बलकरण यादव सहित उनके साथियों ने सुखलाल यादव को मौत के घाट उतार दिया था।
सुखलाल हत्याकाण्ड के मामले में दो आरोपी क्रमशः बलकरण एवं उदयराज को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य तीन की तलाश की जा रही है।
-सुनील पाण्डेय, एएसआई, जनेह।
जमीन विवाद पर रिश्ते के चाचा की लाठियों से पीट-पीटकर की थी हत्या

Comments
Post a Comment