रीवा. स्थानांतरण आदेश निकलवाने के एवज में एक हजार की रिश्वत मांगने वाले आयुर्वेद अस्पताल के क्लर्क रामबहोर तिवारी को लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को ट्रैप किया है। कार्रवाई पूरी हो जाने के बाद रामबहोर तिवारी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार भनिगवां जवा में संचालित आयुर्वेद अस्पताल में पदस्थ दवा वितरक मुकेश कुमार जाटव ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला आयुर्वेद अस्पताल के क्लर्क रामबहोर तिवारी स्थानांतरण आदेश निकलवाने के लिए एक हजार रुपए की मांग कर रहे हैं।
लोकायुक्त एसपी संजीव सिन्हा ने जांच के लिए डीएसपी देवेश पाठक को दिया। जांच में उक्त शिकायत सही पाई गई। शुक्रवार दोपहर लोकायुक्त कार्यालय में पदस्थ हितेन्द्रनाथ शर्मा के नेतृत्व में 16 सदस्यीय टीम कार्रवाई करने कोतवाली थाने से सटे जिला आयुर्वेद अस्पताल पहुंची। जहां रामबहोर तिवारी को एक हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप कर लिया गया। कार्रवाई पूरी हो जाने के बाद रामबहोर तिवारी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
शिकायत सही पाई गई। रामबहोर को एक हजार की रिश्वत लेते ट्रैप किया गया है। उनके विरूद्घ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्घ किया गया है।-संजीव सिन्हा, एसपी, लोकायुक्त।
Comments
Post a Comment