रायपुर। मनोनयन प्रक्रिया का विरोध करते हुए छात्रसंघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर बुधवार को प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई छात्र नेताओं को पुलिस ने घेर कर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान एक छात्र का सिर फट गया, उसे 14 टांके लगे हैं, वह अस्पताल में भर्ती है।
सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने पर पुलिस ने एनएसयूआई रायपुर पश्चिम विधानसभा के अध्यक्ष विनोद कश्यप पर बलवा, 147 और 186 का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। एनएसयूआई ने अब प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने मंगलवार को सभी विवि को छात्रसंघ चुनाव मनोनयन प्रक्रिया से कराने का आदेश जारी किया। इसका विरोध करते हुए 30 एनएसयूआई छात्र नेताओं ने बुधवार को दोपहर करीब 1 बजे पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मुख्य गेट को बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुरानी प्रक्रिया यानी मतदान प्रणाली से चुनाव की मांग करते हुए जीई रोड पर आकर बैठ गए। इससे सड़क के दोनों ओर सौ-सौ मीटर तक जाम लग गया। पुलिस उन्हें सड़क से हटाने लगी तो झूमाझपटी हुई। इसी बीच एएसपी विजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे फिर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे भगदड़ मच गई।
बस डिपो के अंदर घुस कर पीटा
पुलिस ने जैसे ही लाठीचार्ज शुरू किया, प्रदर्शनकारी मार से बचने बस डिपो में घुस गए, वहां भी घुसकर पुलिस ने छात्रों को पीटा।
मीडियाकर्मी पर भी बरसाई लाठी
लाठीचार्ज के दौरान कवरेज कर रहे मीडियाकर्मी पर भी पुलिस ने लाठियां बरसाई। हालांकि बाद में पुलिस ने गलती मानी। भगदड़ में फंसे एक कैमरामैन के पैर में चोट आई है।
छात्र बिना जानकारी दिए ही विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। मुख्य मार्ग बाधित हो रहा था। पुलिस ने पहले समझाया, लेकिन जब नहीं माने तो बल का प्रयोग करना पड़ा। - विजय अग्रवाल, एडिशनल एसपी
- एनएसयूआई छात्रों पर पुलिस ने दबंगई की है, लाठीचार्ज कर गलत किया। 24 घंटे के अंदर विनोद कश्यप को नहीं छोड़ने और छात्रसंघ चुनाव का फैसला नहीं बदलने पर जंगी प्रदर्शन होगा। - आकाश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, एनएसयूआई

Comments
Post a Comment