मैसूर की तर्ज पर वर्षो से मनाया जा रहा दशहरा उत्सव इस वर्ष भी टीआरएस कालेज के एनसीसी मैदान में मनाया जाएगा। इस दौरान रावण का 90 फीट का पुतला और कुंभकरण व मेघनाथ के 70-70 फीट के पुतले जलाए जाएंगे। परम्परा के मुताबिक किले में गद्दी पूजन के बाद शहर में शाम 6 बजे चल समारोह निकाला जाएगा। उपरहटी, सिंधी चौराहा, फोर्ट रोड़, घोड़ा चौराहा, प्रकाश चौराहा से होकर चल समारोह एनसीसी मैदान पहुंचेगा। जहां राम-लक्ष्मण पुतला दहन करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा पुष्पराज सिंह और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अभय मिश्रा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लोगों को सम्बोधित करेंगे। दशहरा चल समारोह को देखते हुए शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। फोर्ट रोड एवं घोड़ा चौराहा रंगीन लाइटों से नहाया हुआ है। एनसीसी मैदान में बैरीकेडिंग कर व्यवस्था बनाई गई है।
होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
एनसीसी मैदान में मनाया जा रहे दशहरा उत्सव के दौरान वृन्दावन के कलाकारों द्वारा फूल की होली, मोर का नृत्य जहां आकर्षण का केन्द्र होगा वहीं भजन संध्या के कार्यक्रम में कलाकार गीत, संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति रावण वध के पूर्व तक मंच से देंगे। दशहरा उत्सव पर शहर में भगवान राम की शोभायात्रा भी सुबह 11 बजे से निकाली जा रही है। तो वहीं चल समारोह में शहर की दुर्गा प्रतिमाओं के साथ ही जन जागरूकता संबंधी झांकियां भी निकाली जाएगी। राजाधिराज विशेष बग्घी में निकलेंगे।
हवन के साथ नवरात्र समाप्त
जगत जननी मां दुर्गा के 9 रूपों की 9 दिनों तक भक्तों ने पूजा-अर्चना करने के बाद शुक्रवार को हवन कर पूर्णाहुति दी। भण्डारे के साथ ही नवदुर्गा महोत्सव का समापन हो गया है। रानी तालाब कालका मंदिर में आखिरी दिन भक्तों का सैलाब उमड़ा, लोग जवारे लेकर देवी गीत गाते हुए मंदिर पहुंचे जहां मईया की पूजा-अर्चना करके अपना व्रत पूरा किया। शहर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विर्सजन 10वीं तिथि में यानी शनिवार से बम्बा घाट बीहर नदी में किया जाएगा। रविवार को दोपहर 2 बजे तक प्रतिमा का विसर्जन भक्तगण कर सकेंगे।
फोटो- 33 : रंगीन लाइटों से सजा हुआ शहर।
35- हवन करके पूर्णाहुति देतीं महिलाएं।
दशहरा चल समारोह में निकलेगी भगवान राम की भव्य शोभायात्रा
Comments
Post a Comment