विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस इस बार बड़े पैमाने पर तैयारी कर रही है. चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पार्टी जिलों में संगठन चुनाव के द्वारा काफी फेरबदल कर रही है. इसी के चलते मंदसौर में भी पिछले 2 दिन से जिला और ब्लॉक लेवल पर संगठन के चुनाव की कार्यवाही जारी है. लेकिन संगठन चुनाव के कारण यहां पार्टी की एकजुटता तार-तार हो गई है. पार्टी के नेता अब कई गुटों में बंटते नजर आ रहे हैं.
विधानसभा चुनाव के दौरान उभरने वाली गुटबाजी को खत्म करने के लिए कार्यकर्ताओं में आपसी तालमेल से संगठन के चुनाव कर ऐसे पदाधिकारियों को पार्टी की कमान सौंपने की तैयारी में है, जिससे पार्टी एकजुट होकर आगामी चुनाव में जीत हासिल कर सके. लेकिन मंदसौर में इसके ठीक उलट संगठन चुनाव के पहले ही नेताओं में भारी गुटबाजी उभर आई है. यहां संगठन का पदाधिकारी बनने की होड़ में पार्टी कार्यकर्ता 4 गुटों में बंट गए हैं. पार्टी हाईकमान ने यहां संगठन चुनाव के लिए राजस्थान की पूर्व विधायक ममता भूपेश को रायशुमारी के लिए भेजा, लेकिन पदों की चाह में पार्टी नेताओं ने उनके सामने ही गुटबाजी दिखाते हुए एक दूसरे के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
किसान आंदोलन के दौरान मालवा इलाके में हुई तगड़ी हिंसा और पुलिस फायरिंग के बाद यहां सत्तारूढ़ पार्टी कई मुद्दों पर फेल हो गई है. ऐसे में कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ में ही उसे मात देने के लिए हाई लेवल की तैयारी भी कर ली है. संगठन चुनाव उसी तैयारी की एक कड़ी माने जा रहे हैं

Comments
Post a Comment