सतना। पन्ना के बमुरहा गांव में रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हुई लड़की नीरजा पटेल का 40 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच लड़की के परिजनों ने मीडिया से कहा है कि अब अगर लड़की नहीं मिली तो प्रशासन की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। पन्ना और सागर पुलिस के संयुक्त अभियान में सोमवार को लड़की को खोजने के लिए हेलीकाप्टर का भी सहारा लिया फिर भी अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है।
बताया जा रहा है कि पुलिस का मुख्य सर्चिंग और सहायता वाहन डॉयल 100 में लड़की का अपहरण बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में कर अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली। घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी सागर सतीश सक्सेना ने अपराधी पर 25 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया है।
गौरतलब है कि कट्टे कि नोंक पर अपहृत किये गए पुलिस के वाहन और उसमें लड़की को साथ ले जाने की खबर ने राष्ट्रीय स्तर पर इस घटना को हाइलाइट किया है। हालांकि ऐसा भी कहा जा रहा है कि युवती और अपहरण करने वाले मुख्य आरोपी देवराज सिंह का पूर्व में भी उमरिया के रामसुजान पटेल के घर में परिचय हो चुका है जो कि युवती के पिता के जीजा हैं। फिलहाल पन्ना और सागर पुलिस के दल अपराधी की लगातार तलाश कर रहे हैं।
Comments
Post a Comment