शहडोल। नॉर्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड एनसीएल के अमलोरी क्षेत्र एरिया ने किसी एक महीने में सर्वाधिक कोयला प्रेषण डिस्पैच का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। क्षेत्र ने दिसंबर 2017 महीने में 1.147 मिलियन टन कोयला डिस्पैच किया है जो क्षेत्र द्वारा अपनी स्थापना से अब तक किसी भी एक महीने में किया गया अब तक का सर्वाधिक कोयला प्रेषण है। कंपनी के प्रबंधकीय मंडल ने अमलोरी क्षेत्र की इस शानदार सफलता के लिए क्षेत्र के महाप्रबंधक एसके गोमस्ता एवं उनकी टीम को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि क्षेत्र चालू वित्त वर्ष में कोयला प्रेषण एवं उत्पादन के सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर कोयला प्रेषण एवं उत्पादन के और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
अमलोरी क्षेत्र ने चालू वित्त वर्ष में 31 दिसंबर तक 9.39 मिलियन टन कोयले का प्रेषण किया है जो कि पिछले वर्ष कि समान अवधि में किए गए कोयला डिस्पैच से 17 प्रतिशत अधिक है। क्षेत्र ने चालू वित्त वर्ष में 31 दिसंबर तक दिए गए कोयला प्रेषण लक्ष्य को भी प्राप्त कर लिया है। क्षेत्र को 31 दिसंबर 2017 तक 9.20 मिलियन टन कोयला प्रेषण करना था। इस प्रकार क्षेत्र ने 31 दिसंबर तक निर्धारित कोयला प्रेषण लक्ष्य से लगभग 2 प्रतिशत अधिक कोयला प्रेषण किया है।
अमलोरी क्षेत्र को वित्त वर्ष 2017-18 में 11.75 मिलियन टन कोयला प्रेषण का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन चालू वित्त वर्ष में क्षेत्र द्वारा किए जा रहे शानदार कोयला प्रेषण के चलते क्षेत्र का कोयला प्रेषण लक्ष्य बढ़ाकर 12 मिलियन टन कर दिया गया है। 31 दिसंबर तक 9.39 मिलिटन टन कोयला प्रेषण के साथ क्षेत्र ने चालू वित्त वर्ष की पहली तीन तिमाही में ही बढ़े हुए नए वार्षिक कोयला प्रेषण लक्ष्य का 78 प्रतिशत कोयला डिस्पैच कर लिया है।
कोयला प्रेषण की तरह अमलोरी क्षेत्र ने कोयला उत्पादन में भी चालू वित्त वर्ष में 31 दिसंबर तक शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। क्षेत्र ने 31 दिसंबर तक 8.93 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में किए गए 8.03 मिलियन टन कोयला उत्पादन से लगभग 11 प्रतिशत अधिक है। क्षेत्र ने चालू वित्त वर्ष में 31 दिसंबर तक दिए गए कोयला उत्पादन लक्ष्य को भी प्राप्त कर लिया है। 31 दिसंबर तक अमलोरी क्षेत्र को 8.89 मिलियन टन कोयला उत्पादन करना था।
अमलोरी क्षेत्र को वित्त वर्ष 2017-18 में 11.75 मिलियन टन कोयला उत्पादन करने का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन चालू वित्त वर्ष में क्षेत्र द्वारा कोयला प्रेषण की तरह कोयला उत्पादन में भी शानदार प्रदर्शन के चलते क्षेत्र का वार्षिक कोयला उत्पादन लक्ष्य बढ़ाकर 12 मिलियन टन कर दिया गया है। क्षेत्र बढ़े हुए नए कोयला उत्पादन लक्ष्य को भी समय से हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 31 दिसंबर, 2017 तक 8.93 मिलियन टन कोयला उत्पादन के साथ क्षेत्र ने अपने वार्षिक कोयला उत्पादन लक्ष्य का लगभग तीन चौथाई भाग चालू वित्त वर्ष के पहले 9 महीनों में ही प्राप्त कर लिया है।

Comments
Post a Comment