सीधी Rituraj Dwivedi। मड़वास के मध्यांचल ग्रामीण बैंक में गैस कटर से बैंक तिजोरी काटकर 15 लाख रूपये चोरी का मामला पुलिस के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। हालात ये है कि सिंगरौली की दो डीएसपी और खुद सीधी एसपी के मामले में लगे होने के बाद भी चोरी का दूर-दूर तक सुराग नहीं मिल पा रहा है। इस बीच पुलिस शहर की कई दुकानों, पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के एसपी मनोज श्रीवास्तव पुन: पड़ताल करने मड़वास पहुंचे उनके साथ सिंगरौली डीएसपी अर्चना शर्मा और आकांक्षा जैन भी मौजूद थीं।
चोरी के बाद उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा ने कई स्थानीय लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ की है दूसरी तरफ पुलिस मड़वास से लेकर सीधी के बीच के कई एटीएम, पेट्रोल पम्पो में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर उस रात गुजरे वाहनों का भी डाटा संकलित कर रही है। पूरे घटनाक्रम का अपडेट सीधी पुलिस अधीक्षक मनोज श्रीवास्तव ले रहे हैं।
पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा और ये उसके लिए एक खुला चैलेंज है।
अब देखना ये होगा कि मझौली क्षेत्र में पिछले 6 माह में हुई करोड़ों रुपए की चोरियों का भी पुलिस कोई सुराग लगा पाती है या नहीं। अगर ऐसा हुआ तो कई आरोपों से घिर रही सीधी जिला पुलिस के लिए ये एक बड़ी कामयाबी होगी।

Comments
Post a Comment