सिंगरौली। ( Rituraj Dwivedi)
जिले के चितरंगी विकासखण्ड की 2 नाबालिग छात्राओं को राजस्थान में बेचने के मामले में मोरवा पुलिस ने मानव तस्कर गिरोह के 2 और सदस्यों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए उन्हें सिंगरौली लाया जा रहा है। एसपी विनीत जैन के निर्देशन और एएसपी सूर्यकांत शर्मा व एसडीओपी कृपाशंकर द्विवेदी के मार्गदर्शन में टीआई नरेन्द्र सिंह रघुवंशी द्वारा 3 सदस्यी टीम गठित कर राजस्थान रवाना की गई थी। जहां बुधवार को झालेवाड जिले से आरोपी कल्लू लाल व सीमा बाई को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि इन्होंने ही दोनों नाबालिगों को 50-50 हजार रुपए में खरीदा था। इन्हें बेचने वाले दम्पती को मोरवा पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
मेला के बहाने ले गए थे
चितरंगी ब्लाक की कक्षा 10वीं की दो छात्राओं को सरई थाना क्षेत्र के आरोपी उमेश जायसवाल और उसकी पत्नी मंजू बहला फुसलाकर मेला दिखाने के बहाने सरई ले गये थे। जहां से उन्हें भोपाल के रास्ते राजस्थान ले जाकर दोनों गरीब आदिवासी छात्राओ को 50-50 हजार रुपए में बेच दिया। इस बीच दलालों ने उनके साथ दुष्कर्म भी किया था। किसी तरह दलालों के चंगुल से छूटकर छात्राओं ने राजस्थान पुलिस से संपर्क किया था। जिसके बाद उनके परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया गया था।

Comments
Post a Comment