रीवा।
सिरमौर चौराहा स्थित पुलिस कप्तान के पुराने बंगला परिसर में बनाए जा रहे राजकपूर आडिटोरियम का निर्माण कार्य अभी आधा-अधूरा है। इस निर्माण कार्य को देखने के लिए रविवार को प्रदेश के उद्योग खनिज मंत्री राजेन्द्र शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन भवन का जायजा लेने के साथ ही मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उक्त आडिटोरियम का निर्माण कार्य समयसीमा में कराएं। जिससे यह आडिटोरियम अपनी सेवाएं कलाकारों को दे सकें और वर्षो से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग भी लोगों की पूरी हो सके।
17 करोड़ की लागत से निर्माण
सिरमौर चौराहे में राजकपूर के नाम से 17 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत का आडिटोरियम बनाया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य मप्र हाऊसिंग बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जून माह में ही इस आडिटोरियम का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा और इसे लोकार्पण के लिए तैयार किया जाएगा। जिस पर उन्होंने निर्माण एजेंसी को इसके लिए निर्देश देते हुए गुणवत्ता का पूरा-पूरा ध्यान रखने और आडिटोरियम की साज-सज्जा में किसी भी तरह की कमी न होने की बात भी की है।
यह है बंगले का इतिहास
जिस राजकपूर के नाम से आडिटोरियम का निर्माण कार्य किया जा रहा है उक्त स्थान पर पूर्व में पुलिस कप्तान का बंगला हुआ करता था। बताया जा रहा है कि फिल्म स्टार रहे राजकपूर का विवाह भी उक्त सरकारी आवास में ही सम्पन्न हुआ था। तत्कालीन पुलिस कप्तान की पुत्री के साथ राजकपूर का विवाह रीति-रिवाज के साथ इस बंगले में किया गया था। यही वजह है कि इस आडिटोरियम का नामकरण भी राजकपूर के नाम से किया गया है।
फोटो- 24- निर्माणाधीन आडिटोरियम का निरीक्षण करते मंत्री।
राजकपूर आडिटोरियम का उद्योग मंत्री ने लिया जायजा
Comments
Post a Comment