जबलपुर। छिंदवाड़ा से नरसिंहपुर के गोटेगांव में स्थित स्वरुपानंद सरस्वती के आश्रम के लिए निकला पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ का हेलीकाप्टर रास्ते में ही भटक गया और उसे करेली के कोदसा गांव के एक खेत में उतारना पड़ा। करीब आधे घंटे तक हेलीकाप्टर के पायलट हवा में ही झोतेश्वर आश्रम का पता लगाने की कोशिश करते रहे और नरसिंहपुर से करेली के बीच हेलीकाप्टर को उड़ाते रहे लेकिन रास्ता न मिल पाने के कारण उन्हें हेलीकाप्टर को एक खेत में उतारना पड़ा। यहां ग्रामीणों से आश्रम की सही दिशा पता कर वे निकल पाए।
झोतेश्वर पहुंचकर कमलनाथ ने त्रिपूर सुंदरी मंदिर में दर्शन और पूजन किया। केंद्रीय मंत्री कमलनाथ गोटेगांव झोतेश्वर स्थित परमहंसी गंगा आश्रम में शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती से मिलने के लिए आए हुए हैं।
गौरतलब है कि 3 दिन पहले ही कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा के समापन मौके पर द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से मुलाकात की थी। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को बेहद खास माना जा रहा है।

Comments
Post a Comment