जबलपुर। प्रदेश में हर तरह की रैगिंग में रोक के बावजूद सीनियर्स के द्वारा जूनियर छात्र/छात्राओं की रैगिंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे ही वाकये से संबंधित वीडियो की जानकारी जब नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कालेज डीन नवनीत सक्सेना के पास पहुंची तो उन्होंने मामले में अब जांच के आदेश दे दिये हैं।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कालेज में साल 2012 बैच के सीनियर छात्रों ने 2017 के 6 जूनियर्स के कपड़े उतरवाकर उनसे डांस करवाया और उसका वीडियो भी बना लिया। हालांकि जूनियर इस बात से इंकार कर रहे हैं।
डीन कहते हैं कि उनके पास रैगिंग से जुड़ा एक वीडियो आया है जिसे देखने पर कुछ छात्रों की पहचान भी की गई है, लेकिन जब उन छात्रों से पूछा गया तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना से इनकार कर दिया। इसके अलावा छात्रावास अधीक्षक से भी मामले की जानकारी ली गई है, लेकिन डॉ. जैन ने छात्रों की ओर से शिकायत नहीं करने की जानकारी दी है।
डीन ने मामले की जांच के लिए वीडियो को एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपा है। कमेटी अगले कुछ दिन में सीनियर और जूनियर छात्रों के बयान भी दर्ज करेगी। जरूरी हुआ तो वीडियो की फॉरेंसिंक जांच भी की जा सकती है, लेकिन इसके लिए कमेटी को पुलिस विभाग का सहयोग लेना होगा।

Comments
Post a Comment