शहडोल। शहडोल कोतवाली पुलिस ने एक ही स्टाइल में की जा रही दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कपड़े की दुकान में सेल्समैन के रूप में काम कर रहे दो आरोपियों से पुलिस को लगभग दो लाख 17 हजार कीमत के रेडिमेड कपड़े एवं जूते, घड़ी आदि मिले हैं। आरोपी शाहरुख खान और अमन यादव दोनों सिमरजीत सिंह छावड़ा के क्लाथ स्टोर में काम करते थे।
इस संबंध में सरदार स्टोर एवं कनक स्टाइल्स कपड़ा दुकान के संचालक 27 वर्षीय सिमरजीत सिंह छावड़ा पिता प्रीतपाल सिंह छावड़ा निवासी घरौला मोहल्ला ने 13 मई को शिकायत की थी कि उसकी दुकान में सेल्समैन अमन यादव और शाहरुख पिछले 20 जनवरी से 12 मई के बीच में कई जीन्स, टी-शर्ट, पेंट, लोवर, जूते, शर्ट, घड़ी आदि लगभग एक लाख 95 हजार रुपए की चोरी कर चुके हैं। इसी तरह के एक दूसरे केस में मनीष आशुदानी पिता मेघराज आशुदानी उम्र 28 वर्ष निवासी घरौला ने भी रिपोर्ट की कि इनके दुकान से दो सेल्समैन दीपक और प्रदीप ने तकरीबन 22 हजार रुपए कीमत के कपड़े चोरी किये हैं।
पुलिस ने अपनी तहकीकात में सोहागपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव के अमन यादव पिता संतोष यादव (23) और शहरुख उसमानी और पिता स्व. सलीम उसमानी (23) निवासी पुरानी बस्ती को पकड़कर पूछताछ की। दोनों ने दो लाख 17 हजार का चोरी का कपड़ा व सामान जब्त कराया है। वहीं दो अन्य आरोपी इसी तरह की चोरी में अभी फरार हैं।

Comments
Post a Comment