सिंगरौली, बैढ़न। जिले के चितरंगी थाने के एक गांव में सोमवार देर शाम प्रेमिका के घर गए युवक की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें मौत से पहले युवक ने प्रेमिका व उसके परिजन पर आग लगाने की बात कही है। जबकि लड़की के पिता का कहना है कि युवक ने खुद ही आग लगाई है, जब वह जली हालत में घर से बाहर आया तो कंबल डालकर आग बुझाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
प्रवीण कुमार जायसवाल (20) पिता रामलखन जायसवाल का प्रेम प्रसंग गांव की ही एक युवती के साथ पिछले दो वर्षों से चल रहा था। युवती की शादी अप्रैल में रीवा में हो गई थी। इसके बाद भी दोनों के बीच मोबाइल पर बात होती थी।
मेरे बेटे को फोन कर बुलाया था
मृतक के परिजन ने युवती व उसके परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे बेटे को फोन करके अपने घर बुलाया और जिंदा जलाकर मार डाला। मृतक की मां लल्लीदेवी ने युवती के बारे में बताया कि ससुराल से आते ही युवती ने प्रवीण को फोनकर बुलाया और साजिश के तहत मेरे बच्चे को जिंदा जला दिया। वहीं युवती के पिता ने मृतक के भाई शिवदयाल को फोन कर बताया कि आपका भाई जल गया हैं। इसे तुरंत आकर ले जाएं और इलाज कराएं। जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे और अधजले युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चितरंगी ले गए। जहां इलाज न मिलने के कारण उसे जिला अस्पताल लाते समय युवक ने दम तोड़ दिया।
इनका कहना है
मेरे भाई को योजनाबद्ध तरीके से घर बुलाकर युवती के परिजन ने जिंदा जलाकर मार डाला।
मृतक का भाई, शिवदयाल
एक युवक के शरीर में आग लगी हुई थी और दौड़ता व रोते हुए मेरे घर की तरफ आ रहा था। बच्चों ने बताया तो जल्दी-जल्दी कंबल और पानी लाकर आग को बुझाया, इसके बाद उससे पूछा कि आग कैसे लगी तो उसने बताया कि मैंने आग युवती के कारण लगाई है। इसके बाद उसके परिजन को मैंने खबर दी।
युवती का पिता
चितरंगी थाना क्षेत्र में युवक की आग लगने से मौत हुई है। मामला हत्या या आत्महत्या का है, इसकी जांच की जा रही है। इसमें आरोपित व फरियादी दोनों पक्ष की जांच कर रहे हैं। युवक-युवती के मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल एकत्र कर रहे हैं।
विनीत जैन, पुलिस अधीक्षक, सिंगरौली

Comments
Post a Comment