रीवा/सिंगरौली। 23 मई से दो दिवसीय सिंगरौली महोत्सव की शुरुआत करने के लिए प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान जहां रात 8 बजे पहुंचने वाले हैं वहीं रीवा जिले की रघुराजगढ़ हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में वे तेंदुपत्ता लाभार्थियों को चेक वितरण करने के कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने रीवा जिले के तेंदूपत्ता हितग्राहियों को चेक का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री रीवा जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण 677 करोड़ की लागत से बनने वाली नईगढ़ी उद्वहन सिंचाई परियोजना का शिलान्यास भी करने जा रहे हैं।
मुख्य अभियंता गंगा कछार जल संसाधन विभाग ने बताया कि नईगढ़ी उद्वहन सिंचाई परियोजना का निर्माण बाणसागर परियोजना के तहत कराया जा रहा है। इसके लिये 856.04 करोड़ रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इससे पांच विधानसभा क्षेत्रों गुढ़, देवतालाब, मऊगंज, मनगवां एवं त्योंथर के 633 गांवों लाभान्वित होंगे। इस परियोजना से 50 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलने जा रही है। किसानों को सिंचाई की सुविधा देने के लिये नहर ही मुख्य जल स्त्रोत होगा।
मऊगंज क्षेत्र में अधिक ऊंचाई के गांवों तक पानी पहुंचाने के लिये इसे 360 मीटर लिफ्ट किया जाएगा। इसके लिये रघुराजगढ़ के समीप ग्राम अटारी में दस हजार हार्स पावर का पम्प लगाया जाएगा। यह परियोजना जिले के हजारों किसानों को समृद्धि प्रदान करने जा रही है।
सीएम दोपहर 3 बजे विंध्याचंल परियोजना में उपस्थित होने के बाद बिलौंजी ग्राउंड में मुख्यमंत्री जनकल्याणकारी संबल योजना में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को संबोधित करने वाले हैं। यहां वे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को प्रमाणपत्र देने के साथ-साथ भूमिहीनों को जमीन का पट्टा भी देने जा रहे हैं। विंध्य में सीएम के साथ पूरे कार्यक्रम में सिंगरौली जिले के प्रभारी और उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल मौजूद रहेंगे।
इससे पहले बुधवार की शाम तक बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक और युवाओं में बेहद लोकप्रिय अंकित तिवारी अपनी 22 सदस्यीय टीम के साथ सिंगरौली पहुंच जाएंगे। सिंगरौली महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने अपने वाट्सऐप से मैसेज भी किया कि वो बुधवार की शाम को सिंगरौली को झुमाने के लिए आ रहे हैं।


Comments
Post a Comment